संतकबीरनगर। नगर पालिका प्रशासन ने शनिवार को स्थानीय प्रशासन की मदद से मुखलिसपुर से बैंक चौराहे तक अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान पटरी पर दुकान लगाने वालों से बतौर जुर्माना 4100 रुपये वसूले गए। उन्हें दोबारा सड़क पर दुकान नहीं लगाने की चेतावनी दी गई। शाम को चले इस अभियान से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद की प्रमुख सड़कें अतिक्रमण की चपेट में हैं। पिछले महीने अभियान चला गया था, लेकिन विरोध को देखते हुए प्रशासन ने कार्रवाई रोक दी थी। शनिवार की शाम को फिर अभियान शुरू किया गया। नगर पालिका परिषद की ईओ बीना सिंह, सीओ सदर रमेश कुमार, कोतवाल प्रदीप सिंह, नायब तहसीलदार वीरेंद्र पांडेय आदि की मौजूदगी में नगर पालिकाकर्मियों ने कार्रवाई शुरू की। मुखलिसपुर चौक, गोलाबाजार, बैंक चौराहा तक अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ पटरियों पर कब्जा जमाए फुटकर दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया। ईओ ने बताया कि कुल 4100 रुपये जुर्माना वसूला गया। इस दौरान उमेश कुमार, तौव्वाब, राधेश्याम आदि लोग मौजूद रहे।