लेखपाल को पकड़कर ले जाती एंटी करप्शन की टीम
संतकबीरनगर। खलीलाबाद तहसील से शुक्रवार को एंटी करप्शन की ट्रैप टीम ने एक लेखपाल को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। टीम उसे बखिरा थाने पर लेकर चली गई। मगहर निवासी एक व्यक्ति ने जमीन पैमाइश के मामले में लेखपाल पर रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। टीम बखिरा थाना पर कार्रवाई पूरी करके आरोपी को पुलिस सुपुर्दगी में सौंप दिया है।
मगहर खास निवासी शिकायतकर्ता बेलाल अहमद ने बताया कि उनकी जमीन कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था। जमीन की सीमांकन के लिए 23 जुलाई को एसडीएम के यहां प्रार्थना पत्र दिए थे। जिसके बाद एसडीएम ने हल्का लेखपाल रामअवध व कोतवाल को स्थलीय जांचकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था।
हल्का लेखपाल उनसे जमीन की पैमाइश व सीमांकन के लिए पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग किया। काफी सिफारिश के बाद भी वह नहीं मानें और कहें कि जब तक रुपये नहीं मिलेगा वह जमीन की पैमाइश नहीं करेंगे।
थक हारकर वह रिश्वत की रकम न देकर भ्रष्टाचार निवारण संगठन के पास पूरे मामले की शिकायत की। शिकायत की गोपनीय जांच निरीक्षक उदय प्रताप यादव व भीमशंकर मिश्र ने जांच किया।
जांच में मामला सही पाए जाने पर निरीक्षक महेश कुमार दूबे की अगुवाई में ट्रैप टीम का गठन 21 अगस्त को किया गया। 22 अगस्त को ट्रैप टीम जिले में आई और डीएम से मुलाकात की।
डीएम से स्वतंत्र साक्षी के रूप में कंपोजिट विद्यालय पटखौली के प्रधानाचार्य सुशील कुमार त्रिपाठी व बेलहर कला बभनी से सहायक अध्यापक भाष्कर प्रताप त्रिपाठी के साथ ट्रैप टीम ने खलीलाबाद तहसील में पहुंची। ट्रैप टीम ने शिकायतकर्ता बेलाल अहमद को पाउडर लगे नोट देकर लेखपाल रामअवध के पास भेजा। बेलाल ने जैसे ही लेखपाल को रुपये दिए पहले से ही घात लगाकर बैठी ट्रैप टीम ने आरोपी लेखपाल को दबोच लिया। उसे बखिरा थाना पर ले जाकर आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की।