एथलेटिक्स अंशिका का स्वागत करते लोग। स्रोत-सोशल मीडिया
संतकबीरनगर। जिले की होनहार एथलीट अंशिका प्रजापति ने प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में सात अगस्त को आयोजित 21वीं यूथ एथलेटिक्स प्रतियोगिता की 3000 मीटर पैदल चाल स्पर्धा में अंशिका ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
अंशिका प्रजापति ग्राम बड़गो निवासी रामनाथ प्रजापति की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और गांव के साथ ही पूरे जिले में खुशी का माहौल है। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता के बाद खलीलाबाद पहुंचने पर लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में अंशिका का नागरिक अभिनंदन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष जगत जायसवाल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर उनकी सफलता पर खुशी जताई। इस अवसर पर जगत जायसवाल ने कहा कि जिले की बेटियां शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी लगातार उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
अंशिका की सफलता ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले व प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। इस दौरान जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रमेश प्रसाद, खेलो इंडिया एथलेटिक्स प्रशिक्षक मनोज यादव, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी विमलेश, हैंडबाल कोच ध्रुव, कुश्ती प्रशिक्षक यादवेन्द्र यादव, बास्केटबाल प्रशिक्षक सुरेंद्र, क्रिकेट प्रशिक्षक प्रिंस मिश्रा, सीनियर खिलाड़ी दिनेश यादव, संदीप यादव सहित अन्य प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।