संतकबीरनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियांवा के अधीक्षक पर टार्चर का आरोप लगाते हुए एएनएम के पति ने आत्महत्या की धमकी देकर व्हाट्सएप ग्रुप में पोस्ट डाल दी। पोस्ट को देखकर पुलिस के आला अधिकारी हरकत में आ गए। मामले की जानकारी होने के बाद थानाध्यक्ष ने पहल करके एएनएम पति और सीएचसी अधीक्षक से बात करके मामले को सुलझाया।
भीम आर्मी के मंडल संयोजक राघवेंद्र प्रताप की पत्नी सेमरियांवा क्षेत्र में एएनएम हैं। उनकी तैनाती करही गांव में है। राघवेंद्र प्रताप ने व्हाट्सएप ग्रुप में अपनी एएनएम पत्नी समेत खुदकुशी की पोस्ट डाल दी। जिसके अनुसार सीएचसी अधीक्षक सेमरियांवा प्रधान प्रतिनिधि समेत अन्य के साथ मिलकर उनको और उनकी एएनएम पत्नी को टार्चर कर रहे हैं। पोस्ट को किसी ने सोशल मीडिया एक्स पर डाल दिया।
एक्स पर पोस्ट को देखते ही एसपी सत्यजीत गुप्ता ने मामले में एसओ दुधारा इंद्रभूषण सिंह को जांच कर कार्रवाई करने के लिए आदेश दिया। जिसके बाद एसओ दुधारा के अगुवाई में पुलिस टीम ने मामले में दोनों पक्ष से बात करके मामले का पटाक्षेप कराया।