सीएचसी खलीलाबाद में इलाज के लिए आए मरीज-संवाद
संतकबीरनगर। सीएचओ और संविदा एएनएम और एनएचएम कर्मियों की हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई है। चौथे दिन शनिवार को भी कर्मी हड़ताल पर रहे। इनके हड़ताल पर जाने से निजी पैथोलॉजी व अस्पतालों की चांदी है। जन आरोग्य मंदिरों पर ताला लटका रहा। मरीज सीएचसी और पीएचसी के अलावा निजी अस्पताल पर इलाज कराने पहुंच रहे हैं।
हड़ताल से मरीजों को जांच और उपचार के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। सीएचसी-पीएचसी से लेकर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तक कामकाज ठप है। बच्चों के टीकाकरण पर भी इसका असर पड़ा है। मरीजों की बढ़ती परेशानी के कारण जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी पर दबाव बढ़ गया है। नियमित कर्मचारियों पर अतिरिक्त काम का बोझ पड़ रहा है।
शनिवार को संविदा स्वास्थ्यकर्मी सीएमओ कार्यालय पर धरने पर डटे रहे। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इधर जन आरोग्य मंदिरों पर ताला लगने से मरीज सीएचसी पीएचसी पर पहुंचे। कुछ मरीज जांच के लिए सीएचसी पर कर्मचारियों के उपलब्ध न होने पर निजी पैथोलॉजी गए जहां पर उन्हें रकम खर्च करनी पड़ी।
सीएचसी खलीलाबाद आए बड़गो निवासी दीनानाथ ने बताया कि बुखार है। डॉक्टर ने खून जांच के लिए लिखा लेकिन पैथोलॉजी में कर्मचारी के न रहने के कारण निजी पैथोलॉजी पर जांच कराना पड़ा। इसी तरह से बालूशासन निवासी संगीता, इंडस्ट्रियल एरिया निवासी अयाज भी निजी पैथोलॉजी पर जांच कराने गए।
सीएमओ डॉ रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि एनएचएम कर्मियों की हड़ताल चल रही है। नियमित कर्मचारियों को लगाकर कार्य कराया जा रहा है। उच्चाधिकारियों का जैसा निर्देश आएगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।