मेंहदावल के बौधरा में प्रभारी मंत्री द्वारा लगाए गये पौधे सूखे।
-22 जुलाई को बौधरा क्षेत्र में पौधरोपण अभियान चलाया गया था
- लगाए गए पौधों की सुरक्षा के नहीं हुए पुख्ता इंतजाम
-बौधरा में लगे 29 सौ पौधों को चट कर गए जानवर
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। जिले में चलाए गए पौधरोपण अभियान की मेंहदावल क्षेत्र में हवा निकल गई है। जिले की प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में विकासखंड क्षेत्र के बौधरा में पौधरोपण अभियान के तहत करीब 2 हजार 9 सौ पौधों का रोपण किया गया। लेकिन जिम्मेदारों ने पौधों की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किया। जिसका नतीजा यह है कि पौधों को पशु चट कर गए।
22 जुलाई को जिले की प्रभारी मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम का आगमन हुआ था। इस दौरान उन्होंने अभियान के तहत मेंहदावल विकास खंड क्षेत्र के बौधरा में तीनों विधायकों के साथ पौधरोपण किया। करीब 29 सौ पौध लगाए गए। लेकिन दुर्भाग्य यह है इतने बड़े पैमाने पर लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए तार से घेराबंदी तक नहीं की गई। जिसका नतीजा यह रहा कि एक सप्ताह बीतते -बीतते प्रभारी मंत्री द्वारा लगाए गए पौधे समेत अन्य पौधों को पशुओं ने चर लिया।
मामला संज्ञान में आते ही खंड विकास कार्यालय के जिम्मेदार भी कुछ कहने से कतरा रहे हैं। जबकि विकासखंड के एक कर्मचारी ने बताया कि पौधों की सुरक्षा के लिए खंड विकास कार्यालय चारों तरफ से मिट्टी का बांध बनाने में जुटा है लेकिन जब तक सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम होता तब तक ताल में आने वाले पशुओं ने पौधों को अपना आहार बना लिया।
फिलहाल प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में लगाए गए पौधों को पशुओं द्वारा चारा बना लेने का मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। एडीओ पंचायत राजेश पांडेय ने कहा कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए इंतजाम किए जाएंगे। जहां पर पौधों को पशुओं ने नुकसान पहुंचाया है। वहां फिर से पौधे लगाए जाएंगे।