सेमरियावां ब्लॉक के करही गांव में जलजमाव के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया।
- फोटो : KHALILABAD
जलजमाव से नाराज ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
तहसील समाधान दिवस में शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होने से हैं खफा
सेमरियावां। ब्लॉक के ग्राम पंचायत करही के दलित बस्ती में जलजमाव से परेशान लोगों ने शुक्रवार को नाराजगी जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि ग्राम प्रधान से लेकर ब्लॉक व खलीलाबाद संपूर्ण समाधान में समस्या बताने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीण राम सेवक, सुनील कुमार, पुद्दन, रवि प्रकाश, उमेश कुमार, किन्ना, रामजतन आदि ने बताया कि दलित बस्ती में 150 घर है। ग्राम पंचायत भवन के पश्चिम से एक रास्ता पश्चिम मोहल्ले की तरफ जाता है, जिससे दलित बस्ती के लोगों का आना-जाना होता है। सड़क तथा पंचायत भवन के चारों तरफ जलजमाव रहता है। पानी से बदबू भी उठती है, जिससे लोगों में गंभीर बीमारियों के फैलने की आशंका है। आरोप है कि कई बार जन प्रतिनिधियों से समस्या से निजात दिलाने की मांग की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। 20 अगस्त और तीन सितंबर को खलीलाबाद संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। बीडीओ सेमरियावां विनोद मणि त्रिपाठी ने बताया कि पंचायत भवन तथा आसपास जलजमाव की समस्या है। इससे निपटने के लिए पंपिंग सेट लगाकर पानी निकाल कर गड्ढा खुदाई का निर्देश ग्राम सचिव को दिया गया है। समस्या से निजात दिलाने का प्रयास जारी है।