- सूचना पर पहुंचे पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे
- एसडीएम सदर के आश्वासन पर माने काश्तकार
-जमीन काश्तकारों को वापस नही लौटाया तो होगा आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शुगर मिल की जमीन बेचे जाने से नाराज काश्तकारों ने रविवार को मिल गेट पर धरना दिया। धरने की सूचना पर पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे और सपा नेता जयराम पांडेय पहुंच गए। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। इसके साथ ही चेतावनी दी कि अगर मिल के जमीन को काश्तकारों को वापस नही लौटाया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
धरना दे रहे काश्तकार कृष्ण कुमार राय, वद्री विशाल राय, सर्वेश राय, ओेमकार राय आदि का कहना था कि वर्ष 1939 में शहर कोतवाली क्षेत्र के दुघरा गांव के किसानों ने मिल स्थापना को लेकर अपनी जमीनें खलीलाबाद शुगर मिल प्रबंधन को शर्तों के आधार पर दी थी। स्थापना के वक्त किसानों और मिल प्रबंधन के बीच इस बात पर सहमति बनी थी। 99 साल के लिए जमीन पट्टे के तौर पर दी जा रही है। जिसका मिल प्रबंधन किराया देगा।
वर्ष 2015 तक यह मिल चली फिर किसी कारणवश अथवा सरकारों की उदासीनता के चलते बंद हो गई। इधर वो किसान जो अपनी जमीन 99 साल के लिए लीज पर दी थी। उस पर जब अपना कब्जा करना चाहे तो पता चला कि इस जमीन को मिल प्रबंधन ने अपने नाम कर दूसरों को बेच दिया है। उनकी जमीन उन्हें वापस दी जाए। धरने की सूचना पर सपा नेता पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे और पूर्व विधान सभा प्रत्याशी जयराम पांडेय भी पहुंच गए और काश्तकारों का समर्थन किया।
पूर्व विधायक जय चौबे ने कहा कि शासन प्रशासन में बैठे कुछ लोग किसानों की जमीनों को हड़पने की साजिश रच रहें हैं। जो जमीन किसानों ने मिल प्रबंधन को लीज पर दे रखा था उसे कैसे बेच दिया गया। किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखा किया गया है। उनके साथ अन्याय हुआ है। यह सब सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों के जरिए किया गया है। सुगर मिल की जमीन के असली हकदार किसान ही हैं। सपा नेता जयराम पांडेय ने कहा कि किसानों की जमीनों को दिलाया जाएगा। इसके लिए जो भी आंदोलन है वह किया जाएगा। किसानों के साथ कोई अन्याय नहीं होने देंगे।
सूचना पर एसडीएम सदर शैलेश दुबे पहुंच गए और काश्तकारों व जनप्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने सोमवार को कागजात के साथ काश्तकारों को कार्यालय पर बुलाया। इसके बाद धरना समाप्त हो गया। इस दौरान महेंद्र कुमार राय, रणजीत राय, क्रांति राय, धर्मवीर राय, रघुनाथ राय, कृष्णपाल राय, शोभित राय, अमित राय समेत अन्य मौजूद रहे।
000000000000000
कोट
शुगर मिल की जमीन बेचे जाने का लोग आरोप लगा रहे हैं। काश्तकारों को कार्यालय बुलाया गया है। कागजात देखे जाएंगे। इसके साथ ही मिल प्रबंधन को भी बुलाया जाएगा। जो नियमानुसार होगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- शैलेश कुमार दुबे, एसडीएम सदर