नोट बंदी के 27वें दिन भी जिले में हालात सामान्य नहीं हुए। हाल यह है कि मांग के अनुसार कैश न मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों के एटीएम बंद हैं। यहां के अधिकांश बैंकों में लोगों को सरकार द्वारा तय रकम भी नहीं दी जा रही है। वहीं नगर क्षेत्रों में एटीएम पर बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही कतार में लग जा रहे हैं। कतार तब खत्म हो रही है, जब रकम। पूर्वांचल बैंक की दो शाखाओं में उपभोक्ताओं ने अपना आक्रोश कर्मचारियों पर उतारा।
विकास भवन में स्थित स्टेट बैंक में भुगतान नहीं हुआ, जबकि एटीएम चालू रहा। इंडियन, यूकोे, आंध्रा, आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम भी बंद रहे। कृषि शाखा का एटीएम भी बंद रहा। पूर्वांचल बैंक की क्षेत्रीय प्रबंधक वृज मोहिनी द्विवेदी बताती है कि दो करोड़ रुपये मिले थे, जिससे दो दिन तक बैंक की सभी 51 शाखाएं खुली थी। सोमवार को बैंकों ने जो धन उपलब्ध था, उससे भुगतान कर दिया। मंगलवार को अवकाश है। बुधवार को भुगतान के लिए न तो हेड आफिस से कैश मिल पाया और न ही स्टेट बैंक से ही कैश मिला। ऐसे में पूरा आसार है कि बुधवार को बैंक की शाखाएं बंद रह सकती हैं। पिडिया बाजार के कैशियर ने फोन पर अपनी पीड़ा बताई है।
वहां कुछ उपभोक्ताओं ने कैशियर के साथ अभद्र व्यवहार तक किया। पौली शाखा में उपभोक्ताओं ने शटर गिरा दिया, जिससे करीब 30 मिनट तक बैंक कर्मी उसी के अंदर बंद रहे। लीड बैंक मैनेजर के जी तिवारी ने बताया कि दो दिल पहले जिले को दस करोड़ मिले थे, जिसे बैंकों की शाखाओं में वितरित करा दिया गया था। जिन बैंकों में कैश की कमी रही होगी, वहीं भुगतान नहीं हुआ होगा। वहां के प्रबंधक स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से पैसा लेने आए रहे होंगे। डिमांड के अनुरूप अभी तक कैश नहीं मिल पाया है। डीएम सुरेश कुमार ने बताया कि 100 करोड़ की डिमांड आरबीआई से की जा चुकी है। इसके लिए अब तक तीन बार पत्र भी भेज चुके हैं, लेकिन दो बार में सिर्फ 30 करोड़ रुपये जिले को मिले हैं। पत्र के जरिए यह भी संकेत किया गया है कि कैश की मांग पूरी न होने की वजह से उपभोक्ता भुगतान नहीं पा रहे हैं। जिसकी वजह से उपभोक्ताओं में गुस्सा पनप रहा है। ऐसे में कैश की उपलब्धता जिले में जरूरी है।
बाघनगर प्रतिनिधि के अनुसार सेमरियावां ब्लॉक मुख्यालय स्थित पंजाब नेशनल बैंक सेमरियावां पर सुबह से पैसे के इंतजार में खड़े खाताधारकों ने बैंक पर प्रदर्शन किया। कहा कि चार दिन से बैंक का चक्कर लगा रहे है। पैसे न होने से आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। खाताधारकों ने शाम छह बजे तक बैंक पर जुटे रहे। खाताधारकों ने आरोप लगाया कि बैंक कर्मियों द्वारा रसूखदारों ने शाम सात बजे के बाद रकम दी जाती है। वही आम खाताधारकों को एक दो हजार से ज्यादा कभी नही दिया गया। खाताधारक धर्मेंद्र कुमार, वसीम अहमद, बब्लू, अब्दुल हक, सिद्दीक, शमसुन्निशा, कुरैशा खातून, सोनमती, दुलारी, मुबारक हुसेन आदि ने बताया कि चार दिन से पैसे के लिए बैंक का चक्कर लगा रहे हैं। सुबह छह बजे से बैंक के सामने कतार लगाकर खड़े हैं। दस बजे के बाद बैंक कर्मी ने बैंक ताला खोला, पर किसी खाताधारक को अंदर नही जाने दिया। बैंक के सामने से आम खाताधारकों को हटाने के लिए कैश न होने का बहाना किया जा रहा है। कहा कि कैश न होने की नोटिस भी चस्पा नहीं किया जाता। बैंक के उप प्रबधंक लव कुश तिवारी ने बताया कि कैश न होने की जानकारी सुबह ही खाताधारकों को दे दी गई थी, फिर भी बैंक पर भीड़ लगाए हुए थे। कैश आने पर ही भुगतान होना संभव है।
वहीं भारतीय स्टेट बैंक बाघनगर में कैश न होने से बैंक पर सन्नाटा पसरा रहा। प्रबंधक छबिलाल ने बताया कि कैश न होने से खाताधारकों को वापस किया जा रहा है।हैंसर प्रतिनिधि के अनुसार, सुबह से ही बैंक पर लोगों की लाइन लग गई। बैंक खुलने के बाद लोग बारी बारी अंदर जा रहे थे और दो हजार रुपये बैंक द्वारा भुगतान किया जा रहा था। करीब दो बजे भीड़ में खडी गीता नामक बालिका बेहोश होकर गिर पड़ी और इसी बीच किसी ने अफवाह फैला दिया कि कैश समाप्त हो गया। अचेत हुइ बालिका को लोग उठाकर बाहर ले गए उसे चारपाई पर लिटा कर होश आने का प्रतीक्षा करने लगे। भीड़ में महिलाओं का धैर्य जवाब दे गया और बैंक का शटर गिरा दिया। इससे बैंककर्मी अंदर बंद हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया। इससे करीब आधे घंटे तक कर्मी बंद रहे। वहीं बालिका को करीब तीन बजे होश आया। बाद में बैंक पर मौजूद महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर एक एक हजार रुपये का भुगतान किया गया। लोहरैया प्रतिनिधि के अनुसार पूर्वांचल ग्रामीण बैंक की शाखा टाडा पर कैश के लिए आए गोरख का कहना था कि बेटी की शादी नौ दिसबंर को है। बैंक द्वारा एक हजार से अधिक का भुगतान नही किया जा रहा है। इसी तरह फूलमती, उर्मिला, पाना, ज्ञानमती, सुनीता , रामज्ञा, अनीता, मोती आदि का कहना था कि दवा कराना है लेकिन अपना ही पैसा समय पर नहीं मिल पा रहा है। पीएनबी धनघटा, उमरिया बाजार पर दोपहर तक दो-दो हजार रुपये तक का भुगतान उपभोक्ताओं को किया गया। उसके बाद एक हजार व पांच सौ रुपये के कैश दिए गए। क्षेत्र के सभी एटीएम भी बंद पडे़ हैं।
नाथनगर प्रतिनिधि के अनुसार महुली थाना क्षेत्र में स्थित पूर्वांचल बैंक की पिडिया शाखा में सोमवार को कुछ दबंगों ने लाइन तोड़कर जबरिया भुगतान लेने का प्रयास किया। कैशियर द्वारा विरोध करने पर दबंगों ने लगभग आधे घंटे तक बैंक में हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप है कि हंगामे के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर ने कैशियर को भी धमकी दी। जिससे बैंक का कार्य काफी देर तक प्रभावित रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर बैंक के बाहर सुरक्षा में पुलिस मौजूद नहीं थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।