राज्य कर्मचारी घोषित करने समेत कई मांगों को लेकर धरनारत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रविवार शाम तक बाल विकास परियोजना कार्यालयों पर धरना दिया। शाम को संगठन के प्रदेश नेेतृत्व के आह्वान पर धरना स्थगित करते हुए सोमवार से काम पर लौटने का निर्णय लिया गया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक माह में मांगो को पूरा नहीं किया गया तो पुन: आंदोलन किया जाएगा।
खलीलाबाद में बाल विकास परियोजना कार्यालय पर ब्लाक अध्यक्ष सरोज सिंह के नेतृत्व में धरना पर दिया। यहां पर संगठन के जिला संरक्षक अयोध्या प्रसाद पहुंचे और प्रदेश नेतृत्व के निर्देश की जानकारी देते हुए धरना स्थगित करने का आग्रह किया, लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका इस बात पर अड़ी रही है कि जिला कार्यक्रम अधिकारी मौके पर आकर अब तक हुई कार्रवाई वापस लें तब धरना समाप्त किया जाएगा।
जिला संरक्षक ने जिला कार्यक्रम अधिकारी से मोबाइल पर वार्ता की और आश्वासन दिया कि सोमवार को डीपीओ आएंगे और स्थानीय मांगों के संबंध में कदम उठाएंगे। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने धरना एक माह के लिए स्थगित करने की घोषणा की। इससे पूर्व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं ने लाल बहादुर शास्त्री व महात्मा गांधी के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर हक मांगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लखनऊ में हुए लाठीचार्ज की निंदा की।
इस दौरान राजपति देवी, विजय लक्ष्मी गौड़, सावित्री देवी, प्रतिमा उपाध्याय, विमला शर्मा, चंपावती, शोभा, आशा वर्मा, मेनका, मालती, अशोक कुमार, सरोज आदि उपस्थित रहे। बघौली प्रतिनिधि के अनुसार बाल विकास परियोजना कार्यालय पर ब्लाक अध्यक्ष विमला राय के नेतृत्व में धरना दिया गया। धरने की अध्यक्षता विंद्रावती चौधरी व संचालन गंगोत्री चौधरी ने की। धरने में नीरू मिश्रा, बेलावती, आरती, राजेश्वरी, मंजू यादव, सरला सिंह, कमलावती, दुर्गावती, रेखा, प्रेमलता, बबिता, रचना, सरस्वती देवी आदि ने संबोधित किया।