अपनी मांगों को लेकर मेंहदावल तहसील में प्रदर्शन करतीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
मेंहदावल ब्लॉक परिसर मेें आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और प्रधानों की संयुक्त बैठक में हंगामा हो गया। इस दौरान एक बार तो हाथापाई की नौबत भी आई। नाराज आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष और सीडीपीओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसडीएम दफ्तर तक पहुंच गईं और यहां धरने पर बैठ गईं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधान संघ के अध्यक्ष की गिरफ्तारी की मांग की। बाद में नायब तहसीलदार को ज्ञापन देकर धरना खत्म किया।
मेंहदावल ब्लॉक परिसर में सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रधानों की संयुक्त बैठक हौसला पोषण योजना फीडिंग कार्यक्रम को लेकर आयोजित हुई। सीडीपीओ की मौजूदगी में शुरू हुई बैठक में प्रधानों और आंगबाड़ी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे के ऊपर आरोप लगाए। इसी बीच मेंहदावल ब्लॉक के प्रधान संघ अध्यक्ष अरविंद उर्फ मोनू पांडेय ने उनके गांव में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को खड़ा कर सवाल-जवाब करने लगे।
इसके बाद मामला बिगड़ गया। आंगनबाड़ी संघ के जिलाध्यक्ष राजकुमार गौतम के हस्तक्षेप करने पर हाथापाई की नौबत आ गई। उत्तर प्रदेश आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राजकुमार गौतम का आरोप है कि प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ दुर्व्यवहार किया गया। जब उन्होंने रोका तो उनके साथ बदसलूकी करते हुए मारने के लिए दौड़ा लिया। इस पूरे घटना के बाद हंगामा शुरू हो गया और नाराज आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ब्लॉक परिसर में नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पहुंच गईं और उपजिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करते हुए धरने पर बैठ गईं।
उपजिलाधिकारी की गैर मौजूदगी में नायब तहसीलदार बलराम त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपते हुए प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। नायब तहसीलदार के आश्वासन के बाद जाकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां शांत हुई और धरना खत्म हुआ। प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद उर्फ मोनूू पांडेय का कहना है कि उन पर लगाया गया आरोप निराधार है। उन्होंने किसी के साथ बदसलूकी नहीं की। भरवलिया आंगनबाड़ी केंद्र पर तैनात कार्यकर्ता से केंद्र पर न आने के बाबत शिकायत की गई थी। जिसको लेकर वे नाराज थी।