मेहदावल क्षेत्र में एसआईआर का जायजा लेते पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल व एसडीएम संजीव कुमार राय-
मेहदावल। प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) का मेंहदावल के पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल व एसडीएम संजीव कुमार राय ने संयुक्त रूप से विभिन्न बूथों का जायजा लिया। इस दौरान लोगों को तेजी से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। मेंहदावल के तुलसीपुर, नटवा सहित अन्य बूथों पर जांच पड़ताल कर कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया गया। पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा कि प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य राष्ट्रहित का कार्य है। भाजपा के कार्यकर्ता समर्पित होकर बीएलओ व उनके सहयोगियों के साथ इस कार्य को जिम्मेदारी से पूरा कराएं। इससे हमेशा के लिए मतदाता सूची की अशुद्धियों को दूर किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि मानक विहीन लोगों को मतदाता सूची से हर हाल में बाहर का रास्ता दिखाया जाए। जो लोग पात्र हैं, उन्हें हर हाल में मतदाता सूची में जगह दी जाए। एसडीएम संजीव कुमार राय ने कहा कि तेजी से एसआईआर का कार्य अंतिम चरण में है। ज्यादातर भूतों पर शत प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। जहां भी कुछ लोग छूटे हुए हैं, उनका तत्काल एसआईआर का कार्य पूरा कराया जाए। आगे के चरण को लेकर बीएलओ सहयोगी व अन्य जिम्मेदार लोग इस अहम कार्य में अपना योगदान दें। उन्होंने सभी को मनोयोग से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री विनोद पांडे, बघौली ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र प्रताप उर्फ बबलू, बालरूप कनौजिया, सचिन राय, शक्ति मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।