महुली। क्षेत्र के शनिचरा बाबू स्थित शराब की दुकान पर शुक्रवार को रुपये के लेन-देन को लेकर आपस में विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम से लोगों ने नोकझोंक की। धक्का-मुक्की में एक होमगार्ड को भी चोट आई। हेड कांस्टेबल की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद और एक अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस चौकी शनिचरा बाबू पर तैनात हेड कांस्टेबल अनिल कुमार ने बताया कि शुक्रवार अपराह्न में 2:30 बजे शनिचरा बाबू स्थित शराब की दुकान पर कुछ लोगों के बीच शराब खरीदने के लिए पैसे देने को लेकर विवाद की सूचना चौकी प्रभारी को मिली। सूचना पर होमगार्ड रामअजोर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद अशोक चौहान, नुकुल चौहान निवासी सिकटहा, थाना महुली, राजन कुमार निवासी मरवटिया राजा और एक अन्य ने होमगार्ड जवान रामअजोर के साथ धक्का-मुक्की की। इस उन्हें चोट आई। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे वादी अनिल कुमार, चौकी प्रभारी प्रमेश कुमार मिश्र, कांस्टेबल नागेंद्र यादव और कांस्टेबल कृष्णा के साथ भी आरोपियों ने नोकझोंक की। हेड कांस्टेबल अनिल कुमार की तहरीर के आधार पर महुली पुलिस ने उक्त आरोपियों एवं अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।