संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में आयोजित बरक्षा समारोह में एक बच्ची के साथ मारपीट और शरीर में सेफ्टी पिन चुभाने का मामला सामने आया है। बच्ची की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र के रौना कला निवासी स्वीटी चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वर्तमान में महाराजगंज के जयप्रकाशनगर में रहती हैं। 27 जून को वह अपनी ननद कुसुम चौधरी के बेटे के बरक्षा समारोह में शामिल होने के लिए कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के सादिकगंज गई थीं।
आरोप है कि समारोह के दौरान उनकी बेटी नेहा उर्फ इशिता सिंह के साथ परसिया खुर्द निवासी पूजा चौधरी ने अभद्रता की। आरोप है कि पूजा चौधरी ने बच्ची के शरीर में साड़ी की सेफ्टी पिन चुभाई। इसके बाद उसे जमीन पर पटकने के साथ ही उसके हाथ-पैर मरोड़ दिए।
स्वीटी चौधरी का आरोप है कि घटना का विरोध करने और शिकायत करने पर आरोपी महिला ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।