संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद के अंसार टोला निवासी शौकत अली ने डीएम और एसपी को पत्र देकर एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि फर्नीचर की खरीदारी 65 हजार में किया था। 29 हजार रुपये नकद दिए और 36 हजार रुपये एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी से दुकानदार ने लोन कराया। बिना उनकी जानकारी के लोन 75 हजार रुपये का करा दिया। इस मामले में उन्हें अंधकार में रखा गया। उन्होंने 3264 रुपये ईएमआई दस महीने तक दी। जब हिसाब करने दुकानदार व फाइनेंस कंपनी के पास गए तो पता चला कि 36 हजार की जगह 75 हजार का लोन हुआ है। वह अब तक 61,640 रुपये भुगतान भी कर चुके हैं। इस तरह से दुकानदार व फाइनेंस कंपनी ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।