बखिरा। गत 16 जुलाई की शाम छह बजे एक पक्ष ने तिघरा ब्लाॅक मुख्यालय पर पुराने विवाद की वजह से करेली ग्राम प्रधान के पुत्र पर कट्टे से चार राउंड फायरिंग कर दिया था। इस हमले में पांच अभियुक्त शामिल थे।
घटना के 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली है, हालांकि अभियुक्तों पर पुलिस पूरा दबाव बनाए हुए है और संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। करेली ग्राम प्रधान का बेटा देवेंद्र यादव बघौली ब्लाॅक में ग्राम पंचायत के काम से आया हुआ था। इसकी भनक देवेंद्र यादव के विरोधियों को लग गई। विरोधी बंटी पाठक अपने अन्य चार सहयोगियों को लेकर तिघरा पहुंच गया।
देवेंद्र को देखते ही बंटी गुट ने घेराबंदी करके देवेंद्र को जमकर मारापीटा। इसी दौरान कट्टे से लैस बंटी ने देवेंद्र की कनपटी से सटाकर कट्टा चला दिया, लेकिन हाथापाई में छर्रे कनपटी के बजाए हथेली व कलाई में लग गए। भीड़ से बचने के लिए बंटी के सहयोगियों ने हवाई फायरिंग किया।
बीच बचाव में आए देवेंद्र के चाचा विजय को भी कट्टा दिखाकर धमकाते हुए वापस जाने को मजबूर किया। आरोपी धमकी देते हुए भाग गए थे। पुलिस ने रात में ही मुकदमा लिखने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। लेकिन आरोपी गिरफ्त में नहीं आ सके हैं।