संतकबीरनगर। दिव्यांग बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए शुक्रवार को जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद और मॉडल प्राथमिक विद्यालय खलीलाबाद में एलेक्सा डिवाइस वितरित किया गया। सांसद प्रवीण निषाद ने दिव्यांग बच्चों के लिए सरकार की ओर से संचालित योजनाओं के बारे में बताया।
सांसद प्रवीण निषाद ने दाेनों स्कूलों को एलेक्सा डिवाइस वितरित किया। कहा कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अधिकतम प्रयोग से हम दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को बेहतर बना सकते हैं। सभी को शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयं सेवी संगठनों के माध्यम से पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इससे दिव्यांग बच्चों के साथ सामान्य बच्चों को भी लाभान्वित किया जाएगा।
बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि डीसी समेकित शिक्षा के साथ 24 विशेष अध्यापकों की टीम कार्यरत है, जो विभिन्न दिव्यांग बच्चे के लिए विशेषज्ञ के रूप में कार्य करती हैं। समस्त परिषदीय विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों की नोडल टीचर के माध्यम से शिक्षा दिलाई जा रही है। जिन विद्यालयों में तकनीकी रूप से सहयोग की आवश्यकता होती है, वहां स्पेशल एजुकेटर समर्थ एप के माध्यम से सहयोग प्रदान करते हैं। जिला समन्वयक समेकित शिक्षा रजनीश बैद्यनाथ में कहा कि इस वर्ष 13 विद्यालयों को एलेक्सा डिवाइस उपलब्ध कराया जाना है। इस अवसर पर आनंद त्रिपाठी, सतविंदर पाल, प्रधानाध्यापिका विजय लक्ष्मी, अनुराधा, व्यायाम शिक्षक इंद्रेश पांडेय, अर्चना त्रिपाठी, विश्वनाथ विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।