मगहर। नगर व आसपास क्षेत्रों में हजरत इमाम हुसैन व दीगर शहीदों की याद में मंगलवार को सातवीं मुहर्रम के अलम का जुलूस जिले के विभिन्न नगरों व ग्रामीण क्षेत्रों में अकीदत के साथ निकाला गया। इसमें विभिन्न कमेटियों के लोगों ने शामिल होकर जुलूस को भव्यता प्रदान की। या हुसैन और मर्सिया की सदाओं के बीच निकले इस अलम जुलूस से नगर का माहौल गमगीन हो गया।
मगहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सातवीं मुहर्रम के अलम का जुलूस शाम को निकाला गया, जिसे लेकर नौजवानों में इमाम हुसैन की शहादत को लेकर शोक दिखाई दिया। जुलूस में बच्चे, बुजुर्ग अलम लेकर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। इसके अलावा विभिन्न कमेटियों के नौजवान जगह-जगह लाठी चलाने, तलवारबाजी की कला का करतब दिखा रहे थे।
जुलूस मगहर के शेरपुर, चूड़ी फरोश, अंजान शहीद, दर्जी टोला, तकिया बाजार, मोहनलालपुर आदि मोहल्लों से निकलकर अंजान शहीद मोहल्ले में शामिल हुआ। वहां से लंबे काफिले के साथ जुलूस तकिया बाजार में पहुंच कर समाप्त हुआ। इसके बाद अलम का जुलूस पुनः अपने-अपने चौक के लिए उसी रास्ते से वापस हो गया।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। सीओ सदर व कोतवाल के निर्देशन में सुरक्षा की दृष्टि से जगह जगह पुलिस मौजूद रही। वहीं मगहर में चौकी इंचार्ज विनोद यादव के निर्देशन में जगह-जगह पुलिस मौजूद रही। इस मौके पर चेयरमैन प्रतिनिधि नूरुज्जमा अंसारी, सेराज खान, अब्दुन्नबी, बबलू खान, सभासद अवधेश सिंह, मेंहदी हसन, नसीम खान, नौशाद खान, सभासद अब्दुल कलाम, अहमद अली, रियाज खान, ओबैदुन्नबी आदि मौजूद रहे।