विधायक को आमंत्रण पत्र देकर 22 जनवरी को अयोध्या आने का दिया न्यौता
22 जनवरी को घर पर मनाएं दीपावली : अंकुर तिवारी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र बांटे जा रहे हैं। रविवार को पूजित अक्षत और आमंत्रण पत्र लेकर स्वयं सेवक संघ के लोग खलीलाबाद के धर्मपुरा गांव पहुंचे। यहां सदर विधायक अंकुर राज तिवारी को अक्षत और आमंत्रण पत्र देकर निर्धारित तिथि पर अयोध्या पहुंचने का न्यौता दिया। सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि प्रभु श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूरा कर जब अयोध्या लौटे थे, तब अयोध्या के नगरवासियों ने दीपावली मनाकर उनकी वापसी पर खुशी मनाई थी। वैसे ही 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की खुशी में हर घर दीपावली मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि संपर्क अभियान में लोगों से अपील की जा रही है कि 22 जनवरी की शाम घरों के बाहर दीपक जलाएं।
आरएसएस के जिला प्रचारक राजीव नयन ने कहा कि स्वयंसेवक प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण पत्र को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष रविंद्र नाथ सिंह, अर्जुन राय, प्रदीप सिंह, श्रवण अग्रहरि, सत्येंद्र राय, भास्कर मणि त्रिपाठी, शुभम राय, ज्ञानेंद्र मिश्रा, उमेश तिवारी, जगत सिंह आदि मौजूद रहे।