हैंसर। सोमवार को विकास खंड हैंसर बाजार के ग्राम प्रधानों की बैठक हंगामे के भेंट चढ़ गई। शोषण के मुद्दे पर भाजपा नेता की ईमानदारी की नसीहत से कई प्रधान भड़क गए और नोकझोंक के साथ हंगामा खड़ा हो गया। इससे बैठक नहीं हो सकी और सभी लोग बाहर निकल गए।
बैठक में संगठन की मजबूती और और प्रधानों के शोषण के मुद्दे पर चर्चा होनी थी, लेकिन आरोप-प्रत्यारोप इस कदर बढ़ गया कि हंगामा होने लगा। अंतत: बैठक स्थगित हो गई। अब 25 फरवरी को दोबारा बैठक होने की बात कही जा रही है।
बैठक शुरू होते ही कई प्रधान एक साथ खड़े हो गए और अधिकारियों-कर्मचारियों पर प्रधानों का शोषण करने का आरोप लगाने लगे। कहा कि मनमाने ढंग से कार्य करते हुए अधिकारी कमीशन के लिए प्रधानों को परेशान कर रहे हैं। संगठन भी उदासीन बना हुआ है।
संगठन के लोग एकजुट होकर जब तक अधिकारियों पर लगाम नहीं लगाएंगे तब तक प्रधानों का उत्पीड़न होता रहेगा। बैठक में मौजूद भाजपा के मंडल अध्यक्ष रणविजय सिंह ने कह दिया कि अगर प्रधान अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन ईमानदारी के साथ करें तो किसी अधिकारी कर्मचारी की हिम्मत नहीं है कि वह प्रधानों का शोषण कर सके। भाजपा नेता की इस टिप्पणी पर कई प्रधान भड़क गए।
इस दौरान फतेहबहादुर उर्फ जोखई सिंह, राजन राय, त्रिशूलधारी राय, राममिलन यादव, हरीराम यादव, संतोष चौहान, ओमप्रकाश राय, हरीशंकर राय, अहमद, फूलचंद चौहान, रामसवारे, राजेंद्र मौर्य, भूपेंद्र यादव, दिलीप राय, रामललित यादव आदि लोग मौजूद रहे।
फतेहबहादुर उर्फ जोखई सिंह ने बताया कि अब 25 फरवरी को बैठक बुलाई गई। उसमें प्रधानों की समस्याओं और उसके निराकरण पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानों का शोषण किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा।