संतकबीर नगर। लगन के न होने के बाद भी दाल, तेल और मसाले के भाव बढ़ रहे हैं। जो लोगों की जेब पर भारी पड़ने वाला है। हालांकि व्यवसायियों के मुताबिक तेल और मसालों के भाव में अचानक आई तेजी स्थायी नहीं रहेगी। भाव आगे गिर सकता है।
पिछले दिनों दाल के भाव चढ़ने के बाद सरसों का तेल और जीरा का भी भाव चढ़ रहा है। एक माह में जीरा 280 रुपया प्रति किलो से बढ़कर 395 रुपया प्रति किलो पहुंच गया। पिछले 15 दिनों में छोटी इलाइची के दाम प्रति किलो 400 रुपया बढ़ा है। थोक में दो हजार रुपया प्रति किलो बिकने वाली छोटी इलायची 24 सौ रुपया प्रति किलो बिक रहा है। जीरा के भाव में तेजी पर गोला बाजार के थोक मसाला कारोबारी राजन का कहना है कि जीरा की पैदावार अधिकतर गुजरात में होती है। जानकारी के मुताबिक इस वर्ष पैदावार भी अच्छी हुई है। पिछले वर्ष के भाव को देखते हुए किसानों ने जीरा रोक लिया है। इसके कारण जीरा के भाव में तेजी देखने को मिल रही है।
जीरा ही नहीं सरसों के तेल का भाव भी बढ़ रहा है। पिछले 15 दिनों में सरसों के तेल में 10 रुपया प्रति किलो की तेजी आई है। ब्रांडेड सरसों का तेल 120 रुपया से बढ़कर 130 रुपया प्रति लीटर पहुंच गया है। लगन न होने के बावजूद तेल मसालों में तेजी लोगों के जेब पर भारी पड़ सकती है।
थोक व्यवसायी बैजनाथ का कहना है कि पिछले 15 दिनों से दाल और तेल का भाव बढ़ रहा है। अरहर का दाल थोक में 157 रुपया प्रति किलो से बढ़कर 162 रुपया प्रति किलो तक पहुंच गया है। फुटकर में 170 रुपया प्रति किलो बिक रहा है। व्यवसायी के मुताबिक अचानक भाव में तेजी स्थायी रहने की उम्मीद नहीं है।