मागों को लेकर धनघटा तहसील में प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
धनघटा। धनघटा में उपनिबंधक कार्यालय भवन की मांग को लेकर तहसील बार एसोसिएशन का प्रदर्शन तेज हो गया है। बृहस्पतिवार को आक्रोशित अधिवक्ताओं ने धनघटा चौराहे पर पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं कहा कि तीन माह से अधिक का समय गुजर जाने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी अपने हठ पर अड़े हुए हैं। धनघटा तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता लाल शरण सिंह और प्रेम नारायण मिश्र ने कहा कि अधिकारियों के तानाशाह रवैये से उपनिबंधन कार्यालय भवन निर्माण का फैसला रूका हुआ है। दान में मिली विवादित जमीन पर उपनिबंधक कार्यालय का भवन नहीं बनाया जा सकता है। लेकिन स्वार्थ के चक्कर में पड़कर कुछ जिम्मेदार अधिकारी तहसील परिसर में उपनिबंधक कार्यालय का भवन बनाने नहीं दे रहे हैं। जिससे अधिवक्ताओं के धरना प्रदर्शन को अपेक्षित सफलता मिलने में लंबा समय लग रहा है। यदि उनकी मांगें गलत हैं तो उसे सक्षम अधिकारी मौके पर पहुंचकर साबित करें। संवाद