- स्थानांतरण की मांग की, राजस्व व चकबंदी के मामलों का मनमाने तरीके से निस्तारण का आरोप
- मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर एसडीएम को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बस्ती के डीएम पर राजस्व व चकबंदी के मामलों में मनमाने निस्तारण का आरोप लगाकर सिविल और जनपद बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर एसडीएम को सौंपा। जिसमें डीएम के स्थानांतरण की मांग की है।
सिविल बार अध्यक्ष महीप बहादुर पाल ने कहा कि बस्ती के डीएम अंद्रा वामसी राजस्व व चकबंदी के वादों का मनमाने तरीके से निस्तारण कर रहे हैं और अधिवक्ताओं का उत्पीड़न कर रहे हैं। जिसके कारण बस्ती में वादकारियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहां पर अधिवक्ता न्याय के लिए आंदोलनरत हैं। अधिवक्ताओं की नहीं सुनी जा रही है और डीएम मनमाना रवैया अपना रहे हैं।
कहा कि जब तक डीएम बस्ती का स्थानांतरण नहीं हो जाता है तब तक अधिवक्ता आंदोलन करते रहेंगे। इस दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य नहीं किया। इस अवसर पर महामंत्री चतुर जी शुक्ल, जनपद बार एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश सिंह, महामंत्री सुनील कुमार पांडेय, शत्रुधन यादव, चंद्रकला, अजय सिंह, राम अवतार यादव आदि मौजूद रहे।