बेलहर क्षेत्र के पसाई मोड़ के पास हुई घटना
हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर/संतकबीरनगर। क्षेत्र के गोइठहां चौराहे से आगे पसाई मोड़ पर रविवार की देर रात दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। इससे एक बाइक पर सवार दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता की मौत हो गई। जबकि, दूसरे बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी मेंहदावल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधिवक्ता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अधिवक्ता की मौत की सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पर अधिवक्ता जुट गए और साथी के निधन पर शोक जताया।
बेलहर क्षेत्र के पसाई गोइठहा निवासी चौधरी नियाज अहमद (41) पुत्र रजा हुसैन बाइक से किसी काम से चौराहे पर गए थे। देर रात वह घर लौट रहे थे। अभी वह पसाई मोड़ पर ही पहुंचे थे कि अचानक सामने से एक बाइक आ गई। दोनों बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिर गए। आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को एंबुलेंस की माध्यम से सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया। जहां पर डाॅक्टरों ने नियाज अहमद को मृत घोषित कर दिया।
इसके साथ ही अन्य बाइक पर सवार दोनों घायलों की हालत गंभीर होने के चलते जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। चौधरी नियाज अहमद पेश से दीवानी न्यायालय में अधिवक्ता थे। बाइक पर उन्होंने हेलमेट नहीं लगाया था। इस संबंध में बेलहर एसओ सरोज शर्मा ने बताया कि अधिवक्ता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अधिवक्ताओं ने जताया शोक
संतकबीरनगर। रविवार की रात दो बाइकों की टक्कर में अधिवक्ता चौधरी नियाज अहमद के निधन की सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पर अधिवक्ता इकट्ठा हो गए। युवा अधिवक्ता की कम उम्र में मौत होने पर अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। इसके बाद जिले के अधिवक्ता तथा आसपास के गांव के लोग पसाई गांव जाकर उनके नमाज-ए-जनाजा में शामिल हुए और उन्हें देर रात पसाई स्थित उनके निजी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। नमाज-ए -जनाजा और शोक जताने वाले लोगों में एडीजे कमालुद्दीन, पूर्व महामंत्री मोहम्मद मुकर्रम, सिविल बार अध्यक्ष महीप बहादुर पाल, महामंत्री चतुर जी शुक्ल, जनपद बार अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, महामंत्री सुनील कुमार पांडेय, संतोष वर्मा, प्रमोद कुमार पांडेय, बिस्मिल्लाह खान, जुम्मन खान, अफरोज अख्तर, अकबाल अहमद खान, इमरान वसी, फैयाज अहमद फारूकी, फजलुर्रहमान, शकील अहमद, तुफैल अहमद उर्फ कल्ला, बेलाल उमर, बाबुल्लाह, हफिज आदि शामिल रहे।