संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों व स्कूल छोड़ चुके बच्चों का नाम अभी भी ड्रॉप आउट बॉक्स में दर्शाया जा रहा है। राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देश के बाद बीएसए ने सख्ती करते हुए 20 प्रधानाध्यापकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। इनके विद्यालयों में 27044 बच्चे ड्रॉप आउट बॉक्स में हैं।
जिले में 1246 परिषदीय स्कूल हैं। इसमें 805 प्राथमिक, 192 उच्च प्राथमिक और 250 कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं।
परियोजना कार्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के यू-डायस डेटा में ड्रॉप बॉक्स में प्रदर्शित हो रहे छात्रों के विवरण को अध्ययनरत विद्यालयों में इंपोर्ट करने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए बीएसए ने छह अक्तूबर को सभी प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर ड्रॉप आउट से बच्चों के नाम हटाने का निर्देश दिया था।
उसके बाद भी प्रधानाध्यापकों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई। जिले के 20 ऐसे विद्यालय हैं जहां पर ड्रॉप आउट में सबसे अधिक छात्रों की संख्या दर्शा रही है। कुल 27044 बच्चे ड्रॉप आउट बॉक्स में हैं। इन्हें इंपोर्ट नहीं किया गया, जिसके बाद बीएसए ने इन स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।
इसमें पौली ब्लॉक के (प्राथमिकी विद्यालय) पीएस छपरा पश्चिमी, पीएस नकहा, सांथा ब्लॉक के पीएस बनौली, पीएस धोबहा, पीएस अमरहा, पीएस कोटिया, पीएस सांथा टू, पीएस सेवाईचपार, मेंहदावल ब्लॉक के पीएस गोविंदपुर, पीएस गुनहा, पीएस भैसा माफी, पीएस बाराखाल, पीएम श्री कुसौना कला, पीएस दुर्गजोत, हैंसर ब्लॉक के पीएस संठी, पीएस तुर्कवलिया नायक, बेलहर ब्लॉक के पीएस मुंडेरी, पीएस बेलापार, पीएस बटसरा, सेमरियावां ब्लॉक के पीएस रजापुर सरैया शामिल हैं।