तिघरा। विकास खंड बघौली के ब्लॉक मुख्यालय पर बुधवार को एक दबंग ने एडीओ पंचायत को उनके कार्यालय में ही जान से मारने की धमकी दे डाली। घटना के बाद ब्लॉक परिसर में घंटों हंगामा चला। सूचना पर पहुंची बखिरा पुलिस ने स्थिति को संभाला, लेकिन आरोपी पुलिस के आने से पहले ही मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एडीओ पंचायत दीप श्रीवास्तव ने बखिरा थाने में तहरीर देकर बताया कि पड़ोखर ग्राम सभा में कई दिनों से प्रधानी को लेकर विवाद चल रहा है। इसी प्रकरण को लेकर बुधवार को गौरव प्रताप यादव ब्लॉक मुख्यालय पहुंचा। चर्चा के दौरान आरोपी और एडीओ पंचायत के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। आरोप है कि तैश में आकर गौरव प्रताप ने परिसर में सबके सामने एडीओ पंचायत को धमकी दी। खुलेआम धमकी दिए जाने से ब्लॉक कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान और स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और आरोपी को घेरने की कोशिश की, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने ब्लॉक परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा किया और प्रशासन से सुरक्षा की मांग की।
एडीओ पंचायत की तहरीर के आधार पर आरोपी गौरव प्रताप यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एसओ सतीश सिंह ने बताया कि अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।