संवाद न्यूज एजेंसी
मेहदावल। कस्बे में बीएमसीटी बाईपास सड़क में अधिग्रहीत भूमि से जुड़े किसानों ने मुआवजे को लेकर शनिवार को तहसील परिसर में एडीएम का घेराव किया।
उन्होंने मुआवजे की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एडीएम ने प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता को तलब करते हुए इस मामले को गंभीरता से लेकर एक सप्ताह में आख्या मांगी है।
किसान ब्रह्मदेव पांडेय, अवनींद्र जायसवाल के साथ मुआवजे से वंचित लोग तहसील पहुंचे। संपूर्ण तहसील समाधान दिवस से अपर जिला अधिकारी के निकलते ही किसानों ने उन्हें घेर लिया। किसानों ने एडीएम से बीएमसीटी बाईपास मार्ग के निर्माण में जमीन जाने के बाद भी मुआवजा न मिलने की पीड़ा सुनाई।
वर्ष 2016 में प्रशासन तथा किसानों के बीच हुए समझौते की प्रतिलिपि भी एडीएम के सामने रखते हुए पीड़ित किसानों ने मुआवजा देने की मांग की।
संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में मौजूद प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता को एडीएम ने मौके पर बुलाते हुए पत्र की एक प्रतिलिपि सौंप कर अधिशासी अभियंता के संज्ञान में मामले को लाते हुए एक सप्ताह के अंदर आख्या तलब की।
अवर अभियंता को उन्होंने निर्देश दिए कि मामले को गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह के अंदर मुआवजे से संबंधित आख्या अधिशासी अभियंता द्वारा प्रस्तुत की जाए, जिससे किसानों की समस्या का समाधान कराया जा सके।
उन्होंने उपस्थित किसानों को आश्वासन दिया कि उनके मुआवजे के मामले का जल्द ही निस्तारण कराया जाएगा।