- रामजानकी मार्ग पर चार दिनों से सड़क निर्माण कार्य शुरू
- पूर्व में लगे खड़ंजा को हटाए बिना सीमेंटेड सड़क निर्माण का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। कस्बे के रामजानकी मार्ग पर चार दिनों से सीसी सड़क निर्माण कार्य शुरू है। ग्रामीणों ने मानकविहीन निर्माण का आरोप लगाते हुए विरोध जताया था। ठेकेदार की मनमानी पर उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। शनिवार को मौके पर जांच के लिए पहुंचे एडीएम जय प्रकाश ने निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए।
रामजानकी मंदिर से औघड़ टोले तक सीसी सड़क का निर्माण चार दिनों से शुरू है। ग्रामीण विशाल तिवारी, रामअवध ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन सड़क पूर्व में खड़ंजा था, जहां अब सीसी सड़क निर्माण के लिए काम चल रहा है। निर्माणाधीन सीसी सड़क निर्माण से पूर्व खड़ंजा को उखाड़े बिना ही सीसी सड़क के लिए गिट्टी डाली जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुराने खड़ंजा को उखाड़ा नहीं गया है। निर्माण में खराब सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। इसे लेकर संबंधित ठेकेदार से शिकायत की गई थी, लेकिन ठेकेदार मनमानी पर उतारु रहा। मजबूरन इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से करनी पड़ी। शनिवार को मौके पर जांच के लिए पहुंचे अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश ने ग्रामीणों से जानकारी ली और निर्माण कार्य को देखा। अपर जिलाधिकारी ने ठेकेदार को कार्य तत्काल बंद करने के निर्देश दिए।