संतकबीरनगर। मगहर स्थित संतकबीरनगर अकादमी प्रेक्षागृह में मंगलवार को शिक्षामित्रों को सम्मानित किया जाएगा। शासन द्वारा हाल ही में शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि की गई थी, जिसके उपरांत यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जनपद के प्रत्येक ब्लॉक से 50 शिक्षामित्रों की सूची तैयार की गई है।
इसी क्रम में सोमवार को हैंसर में खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञान चंद्र मिश्र द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षामित्रों की बैठक बीआरसी पर बुलाई। बैठक में शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह की रूपरेखा तय की गई। समारोह में हैंसर से प्रतिभाग करने वाले 50 उन शिक्षामित्रों को प्राथमिकता दी गई है, जो विद्यालय पर गतिविधि आधारित शिक्षण, टीएलएम का नियमित प्रयोग, हिंदी व अंग्रेजी व्याकरण, शिक्षक संदर्शिका, निपुण तालिका तथा अन्य दक्षता आधारित शिक्षण कार्य करते हैं।