संतकबीरनगर। बोर्ड परीक्षा में अपने स्कूल से कक्ष निरीक्षकों को न भेजने वाले 100 स्कूलों के प्रधानाचार्यों को मंगलवार की देर शाम डीएम ने तलब किया। डीएम की नामौजूदगी में एडीएम जय प्रकाश की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट पर बैठक हुई। अगर 28 फरवरी की परीक्षा में कक्ष निरीक्षक नहीं पहुंचे तो प्रधानाचार्यों पर कार्रवाई के साथ ही विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम जय प्रकाश ने कहाकि बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से शुरू हुई है। इसमें वित्त विहीन विद्यालयों के शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक के रूप में परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन यह कक्ष निरीक्षक परीक्षा केंद्रों पर नहीं पहुंचे। जिससे समस्या खड़ी हो गई। 28 फरवरी को परीक्षा है। ऐसे में कक्ष निरीक्षक को भेजना सुनिश्चित करें। अगर उस दिन कक्ष निरीक्षक नहीं पहुंचेंगे तो प्रधानाचार्यों पर नियमानुसार कार्रवाई के साथ ही विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।
यह प्रकरण गंभीर है। ऐसे में परीक्षा को हल्के में न ले। इस दौरान वित्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने बताया कि परीक्षा डयूटी में पारिश्रमिक नहीं मिलता है। जिस पर एडीएम ने कहाकि पारिश्रमिक शिक्षकों के खाते में भेजा जाएगा। इस दौरान डीआईओएस हरिशचंद नाथ मौजूद रहे। संवाद