पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी स्वामियों के साथ डीएम ने बैठक की ।
- फोटो : अमर उजाला
500 और 1000 रुपये के नोट बंद होने को लेकर मची अफरातफरी और लोगों की सहूलियत के मद्देनजर डीएम सुरेश कुमार ने बुधवार को दफ्तर में पेट्रोल पंप एसोसिएशन और गैस एजेंसी मालिकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 11 नवंबर आधी रात तक अस्पताल, इमरजेंसी, पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर आने वाले उपभोक्ताओं के साथ किसी की तरह दिक्कत न हो। पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर बोर्ड पर चस्पा करें कि 500 और 1000 के नोट स्वीकार किया जाएंगे।
दरअसल, डीएम ने कहा कि किसी गैस एजेंसी पर 500 की नोट न लिए जाने की शिकायत एक उपभोक्ता ने फोन पर उनसे की थी। ऐसे में यह गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप के मालिकों को एसोसिएशन के लोग अपने सेल्समैन को समझाएं कि मंगलवार की आधी रात के बाद से जो सेल है उसका रिकार्ड बताएगा कि कितनी बिक्री हुई और कितने रुपये मिलेे है। यदि कोई अराजक सेल्समैन लोगों के साथ अभद्रता करता है तो उसके साथ प्रशासन सख्ती से पेश आएगा। आपूर्ति विभाग के अधिकारी इस बात पर नजर रखे। सभी एसडीएम और जिला पूर्ति अधिकारी और उनके एआरओ किसी भी तरह की सूचना पर तत्काल वहां पहुंचेंगे।
एसपी को भी अवगत कराया गया है कि बैंक खुलने के बाद वहां काफी भीड़ होगी और लोग अपने-अपने 500 व 1000 के नोट को जमा करने के लिए उतावले होंगे। ऐसे में वहां सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीओ और सभी एसओ सतर्कता बरते और भ्रमणशील रहेंगे। बैंकों पर सुरक्षा का इंतजाम कराया जाएं। लोगों को समझाया जाए कि उनके नोट जमा करने के लिए समय सीमा तय की गई है, जल्दबाजी में कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन की मदद करें। डीएम ने जनता से अपील किया है कि लोग धैर्य रखे और उन्हें कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र यादव,एआरओ ब्रजेंद्र कुमार, मीरा राय, अमरनाथ रुंगटा, अंजनी नंदन, विपुल रुंगटा, रामकुमार सिंह, बबलू उपाध्याय लोग उपस्थित रहे।
पेट्रोल पंप मालिक बोले, कहां से लाएं फुटकर ः साहब...! 500 और 1000 हजार रुपये का नोट देकर 50 या 70 रुपये का पेट्रोल-डीजल मांगा जा रहा है। बैंक भी बंद है। एटीएम भी काम नहीं कर रहे...। फुटकर मार्केट में भी खुले पैसे नहीं हैं...। खुले पैसे कहां से लाएं...? पेट्रोल पंप मालिकों ने डीएम को अपनी व्यथा कुछ ऐसे बताई और विकल्प के रूप में 500 की नोट देने पर उन्हें या तो पूरी रकम का पेट्रोल लेने या फिर 400 का पेट्रोल लेने और उन्हें 100 रुपये वापसी की जाए। जिससे समस्या उत्पन्न न हो। इस पर डीएम ने सूझबूझ के साथ ऐसी समस्या का भी समाधान निकालने की सलाह पेट्रोल पंप मालिकों को दी।