- शिक्षक संकुल की बैठक में शिक्षण कार्ययोजना पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बेलहर ब्लॉक के लंगड़ाबार न्याय पंचायत की शिक्षक संकुल की बैठक मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय जिवधरा में हुई। बैठक में प्रस्तावित शिक्षण कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बीईओ ज्ञानचंद्र मिश्र ने कहा कि ब्लाॅक के सभी विद्यालय तस समय के भीतर निपुण लक्ष्य को हासिल करें। निपुण लक्ष्य की प्राप्ति अतिमहत्वपूर्ण कार्य है। इसमें किसी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं है। एसआरजी भाष्कर प्रताप त्रिपाठी तथा अशोक चौहान ने गत माह के बैठक की मुख्य बिन्दुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने दीक्षा ऐप के माध्यम से प्राप्त प्रशिक्षण तथा कक्षा में उसके उपयोग पर चर्चा की।
शिक्षक रवीन्द्र मौर्य, ओमप्रकाश तथा धर्मेंद्र तिवारी ने शिक्षण कार्य को प्रभावी बनाने में टीएलएम आदि के उपयोग पर अपने-अपने विचार रखे। बैठक में कक्षा एक से तीन तक आधारशिला योजना पर आधारित तथा चार से आठ तक पाठ्यपुस्तक आधारित शिक्षण योजना पर चर्चा हुई। इस दौरान शिक्षकों ने विद्यालय पर आने वाली तमाम तरह की चुनौतियों को भी सांझा किया। जिसका शिक्षक समूह ने उचित समाधान सुझाया।
बैठक में सूचना के बाद भी भीखाडांड़ तथा साहूपार के प्रधानाध्यापक अनुपस्थित रहे। इस पर बीईओ ज्ञान चंद्र मिश्र ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा है। बीईओ ने कहा कि बैठक में उपस्थित न होना गैरजिम्मेदाराना रवैये को दर्शाता है।
इस दौरान एआरपी प्रेमचंद्र यादव, ज्योति प्रकाश सिंह, केसी सिंह, ओम प्रकाश, रणजीत सिंह, पवन कुमार, सुनील सिंह, जुबेर अहमद, अजय सिंह, दुर्गेश, आशुतोष मिश्र, संजय कुमार सिंह, राजेश्वर यादव, सूर्यनाथ चौरसिया आदि शिक्षक मौजूद रहे।