संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड में वांछित आरोपी महिला निशा ने बुधवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए न्यायालय का रुख किया। सीजेएम न्यायालय ने आत्मसमर्पण के बाद आरोपी महिला को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया। इस मामले में पुलिस अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
वहीं, एक अन्य आरोपी महिला समेत शेष की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। कोतवाली खलीलाबाद के भगठान गोसाईपुर निवासी ब्रह्मानंद यादव की 22 सितंबर को दिन दहाड़े हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई रमाकांत यादव ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दी थी कि उनका भाई ब्रह्मानंद यादव बाइक से गिठनी बाजार जा रहा था। इसी दौरान राकेश यादव के घर के सामने घात लगाए आरोपियों ने उसकी बुलेट रोक ली।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले उसकी आंखों में पिसी लाल मिर्च डाल दी। इसके बाद लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस की पीआरवी टीम घायल को जिला अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए। पुलिस के अनुसार, अब तक राकेश यादव, अजय यादव, अभिमन्यु यादव, रामस्वरूप यादव, संजय यादव, सुरेंद्र यादव, योगेंद्र यादव उर्फ योगी, रामललित यादव और बृजेश यादव समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस की दबिश और गिरफ्तारी के प्रयास के बीच मुकदमे में वांछित निशा पत्नी दुर्गेश यादव ने 11 नवंबर को सीजेएम न्यायालय संतकबीरनगर में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में प्रकाश में आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।