जानमाल की धमकी देने का आरोप
बीडीसी सदस्य ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के भरवल परवता में पंचायत चुनाव को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में पुलिसिया कार्रवाई के बाद भी एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर पुन: जानमाल की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
भरवल परवता से निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य माधुरी पत्नी संजय चौहान का आरोप है कि उनके गांव में पंचायत चुनाव के बाद विवाद हुआ था। जिसमें एक पक्ष ने उनके पति समेत 17 लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया था। इस मामले में उनके द्वारा भी मुकदमा कायम करवाया गया है, लेकिन पुलिस एक पक्षीय कार्रवाई करते हुए उनके पक्ष के लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि विपक्षी अभी खुलेआम घूम रहे हैं और उनको तथा उनके परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। माधुरी का कहना है कि पुलिस अगर विपक्षियों को इसी तरह छूट देती रही तो उनके परिवार के साथ कभी भी अनहोनी हो सकती है।