धनघटा। क्षेत्र के सोनडीहा गांव निवासी महिला ने एक व्यक्ति पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र लेकर न्याय की गुहार लगाई है। आरोप है कि रंगदारी न देने पर विपक्षी निर्माण कार्य नहीं होने दे रहे हैं।
सोनडीहा गांव निवासी विजय देवी पत्नी छोटेलाल का आरोप है कि वह मलौली में राम जानकी मार्ग के किनारे सड़क का हासिया छोड़कर गांव निवासी व्यक्ति से बीते 13 मार्च को जमीन बैनामा कराया। जमीन पर जब कब्जा करने के लिए दीवार चलाना चाहा तो उसने कहा कि अगर इस जमीन पर कब्जा करना है तो एक लाख रुपये दे दो, नहीं तो जमीन पर कब्जा करने नहीं देंगे।
महिला का आरोप है कि लगातार पांच दिनों से वह व्यक्ति निर्माण कार्य में बाधा पहुंचा रहा है। रुपये नहीं देने पर जमीन पर कब्जा भी नहीं करने दे रहा है और जानमाल की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने थाने पर तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।