संतकबीरनगर। बेलहर कला थाना क्षेत्र के बरगदवा खुर्द गांव में पुरानी रंजिश में घर में घुसकर मारपीट करने और सामान तोड़ने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित राजकुमार यादव ने मामले में पुलिस से सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया।
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। राजकुमार यादव के अनुसार, दो अगस्त 2026 की शाम करीब आठ बजे गांव के पन्नेलाल यादव, प्रहलाद यादव, लक्ष्मीना और माया पुरानी रंजिश में उनके दरवाजे पर पहुंचे। आरोप है कि चारों ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए वह घर में घुस गए तो आरोपी भी घर में घुसकर उनके साथ मारपीट करने लगे।
शोर सुनकर उनकी पत्नी, मां और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। पीड़ित ने घर में रखी कुर्सी और बर्तन तोड़ने का भी आरोप लगाया है। संवाद