महुली। हरिहर विद्युत उपकेंद्र पर तैनात परिचालक की कार्यशैली को लेकर हरिहरपुर गांव निवासी रामप्रकाश तिवारी ने ऊर्जा मंत्री से शिकायत की है। उन्होंने उपकेंद्र पर एसएसओ पद पर तैनात कर्मचारी पर ड्यूटी के दौरान शराब, तंबाकू और सिगरेट का सेवन करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ऊर्जा मंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में रामप्रकाश तिवारी ने आरोप लगाया है कि विद्युत उपकेंद्र जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर तैनात कर्मचारी ड्यूटी के दौरान नशीले पदार्थों का सेवन करता है। इससे बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर उपकेंद्र पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को उससे बातचीत करने में परेशानी होती है।
खलीलाबाद के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार प्रजापति ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो गोपनीय जांच कराई जाएगी।