धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पर बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर गांव निवासी अजय चौहान ने नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख की ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने आरोपी युवक को सोमवार को महुली थाने पर तलब किया है।
महुली थाने में दी तहरीर में बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर गांव निवासी अजय कुमार चौहान ने बताया कि महुली थाना क्षेत्र के ग्राम नैना झाला गांव निवासी युवक उनसे मिला। नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ले लिया। काम नहीं होने पर पैसा वापस मांगने पर नहीं दे रहा है।
उसने बताया है कि वह एक लाख रुपये चेक के माध्यम से तथा 50 हजार रुपये नगद दिया है। जिसे वापस करने में आरोपी हीलाहवाली कर रहा है। बाद में 30 हजार रुपये वापस कर दिया, लेकिन एक लाख 20 हजार रुपये पीड़ित का अभी भी बाकी है। पीड़ित की शिकायत पर एसओ महुली रजनीश राय ने फोन से बातकर दोनों पक्ष को सोमवार को महुली थाने पर तलब किया है। संवाद