संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के पटखौली की निवासी शिक्षिका ने पति पर दूसरी शादी रचाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उसने पति समेत अन्य ससुरालियों पर कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने केस दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कोतवाली खलीलाबाद के पटखौली गांव निवासी बीना सिंह ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2007 में रामविजय सिंह पुत्र रामकरन सिंह निवासी नाहरड़ीह थाना महुली के साथ हुई थी। वह बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर बस्ती में कार्यरत हैं। शादी के काफी समय बाद बच्चा न होने पर उन्होंने खुद और पति को चिकित्सक को दिखाया। चिकित्सक ने आईवीएफ के माध्यम से बच्चा पैदा करने की सलाह दी।
इसके बाद वह तीन लाख रुपये इकट्ठा करके पति को दिया और चिकित्सक के पास चलने को कहा। पति ने रुपये लेकर बोलेरो खरीद लिया। पूछने पर मारपीट करते थे। सास व ससुर भी अक्सर मारपीट कर उसे अपमानित करने लगे। वर्ष 2024 में पता चला कि पति ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर दूसरी शादी रचा ली है और दूसरी पत्नी गर्भवती है। ं