संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी पौहारी सिंह ने जमीन विवाद में धान की फसल नष्ट करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पौहारी सिंह के अनुसार उन्होंने अपनी मां फूलमती के नाम दर्ज मौजा जोरवा स्थित आधे हिस्से का रामलाल पुत्र रामदीन से पंजीकृत बैनामा कराया है। जमीन का दाखिल-खारिज भी हो चुका है। उन्होंने 22 जुलाई को बैनामाशुदा जमीन में धान की रोपाई की थी।
आरोप है कि यशोदानंद, शंकर व गिरिजाशंकर तथा रामाशीष ने उनकी धान की फसल पर दवा का छिड़काव कर उसे नष्ट कर दिया। पौहारी सिंह ने बताया कि फसल बर्बाद होने से उन्हें 10 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
आरोप है कि फसल नष्ट करने के संबंध में पूछने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और लाठी-डंडा तथा भाला-फरसा लेकर उन्हें दौड़ा लिया। ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद उन्होंने किसी तरह जान बचाई। पीड़ित ने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।