संतकबीरगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलौहा ओवरब्रिज से 200 मीटर पूरब बुधवार को बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आस-पास के लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पीड़ित परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल था।
जगदीशपुर उर्फ लहुरादेवा निवासी रंगीलाल पुत्र बंशराज ने बताया कि बुधवार को उनका बेटा बब्लू (25) साइकिल से बेलौहा से मीरगंज की तरफ जा रहा था। बेटा जब बेलौहा ओवरब्रिज के 200 मीटर पूरब पहुंचा ही था। तभी पीछे से गुजरी बाइक ने उसके बेटे की साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में बेटे की मौके पर मौत हो गई। आरोप है कि बाइक सवार ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसके बेटे की साइकिल में टक्कर मारी। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में बाइक चालक नाम पता अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। संवाद
-
हादसे में घायल दो महिलाओं की उपचार के दौरान मौत
संतबीरनगर। तीन दिन पूर्व कोतवाली क्षेत्र में टेमा रहमत के पास अनियंत्रित कार के पलट जाने से दो महिलाएं घायल हो गई थीं, जिसमें एक महिला की जिला अस्पताल से रेफर किए जाने पर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाते दौरान रास्ते में मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला ने उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। पीड़ित वामदेव उपाध्याय पुत्र स्वर्गीय रामवृक्ष रामोपाध्याय निवासी मकान नंबर-84 राप्तीनगर, गुलरिहा, गोरखपुर ने बताया कि वह 18 जून को अयोध्या से दर्शन करके परिवार सहित अपनी गाड़ी से वापस घर आ रहे थे। टेमा रहमत में गाड़ी के सामने अचानक से एक गाय आ गई, जिसको बचाने के चक्कर में गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई।
इसकी वजह से गाड़ी का ब्रेक ओर गेयर फेल हो गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में गाड़ी में सवार उनकी पत्नी गंगोत्री उपाध्याय व बुआ विद्यावती निवासी निचलौल को गंभीर चोटें आई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर ट्रामा सेंटर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी पत्नी की मृत्यु हो गई। जबकि बुआ की मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां पर इलाज के दौरान शाम करीब चार बजे बुआ की भी मृत्यु हो गई। पीड़ित ने बताया कि अंतिम संस्कार और अन्य क्रियाकलाप में व्यस्त रहने के कारण तत्काल घटना की सूचना पुलिस को नहीं दे पाए। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि रविवार को हुए हादसे में दो महिलाओं के मौत की सूचना मिली है। संवाद
-
बच्चों के विवाद में दंपती समेत चार को पीटा
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के दलेलगंज में बच्चों के विवाद में कुछ लोगों ने दंपती समेत चार लोगों की पिटाई कर दी। पीड़ित फूलचंद पुत्र श्यामराज का आरोप है कि बच्चों के पुरानी रंजिश को लेकर गांव के पिटू, मुकेश, धर्मेंद्र, धर्मराज उसे अपशब्द कहने लगे। विरोध करने पर लोगों ने लाठी डंडे से उसे मारने - पीटने लगे है। जब लालचंद, इन्द्रावती, सुनीता पहुंची तो उक्त लोगों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। पिटाई से सभी को चोटें आईं। आरोप है कि लोगों ने जानमाल की धमकी भी दी। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि चारों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया। संवाद