संतकबीरनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग के पर डीघाबाईपास के पास सोमवार भोर में डीसीएम की टक्कर से पिकअप के खलासी की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भेजवा दिया।
बहराइच जिले के थाना नानपारा वाल्मीकि टोला निवासी सईद अहमद पुत्र समसुल जमा का आरोप है कि उसका बेटा रिंकू (22) पिकअप का खलासी था। चालक अर्श बाबू पुत्र रासिद निवासी नानपारा थाना नानपारा बहराइच के साथ बेटा खलासी का काम करता था। सोमवार को मुजफ्फरपुर बिहार से माल लेकर नानपारा जा रहा था। खलीलाबाद डीघा बाईपास के सामने रोड़ पर अज्ञात डीसीएम ने तेज रफ्तार से पिकअप को टक्कर मार दी, जिससे पिकअप में बेटे रिंकू की मौत हो गई।
सूचना पाकर पीड़ित पिता पोस्टमार्टम हाऊस पहुंचा। हादसे में पिकअप भी क्षतिग्रस्त हो गई है। कोतवाल सर्वेश ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया। संवाद
-
व्यापारी पुत्र को फोन पर धमकी देने वाले पर केस दर्ज
संतकबीरनगर। शहर के एक व्यापारी पुत्र को मोबाइल पर जानमाल और मकान पर कब्जा करने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने सोमवार को इसकी शिकायत पुलिस से की। गोला बाजार निवासी रुद्रेश अग्रवाल पुत्र महेश कुमार अग्रवाल का आरोप है कि उसे कुछ दिनों से धमकी भरा मैसेज मोबाइल पर आ रहा है। धमकी देने वाला पैलीखास खलीलाबाद का निवासी है। वह उसे जान से मारने की धमकी भी देता है एवं उसके बंजरिया पूर्वी स्थित मकान पर कब्जा करने की धमकी देता है, जहां पर वह व्यापार करते है । उसके व्यापार का माल रखा हुआ है। कोतवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। संवाद
-
रंजिश में तीन युवकों को पीटा
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के नैनीडीहा में पुरानी रंजिश में कुछ लोगों ने तीन युवकों की पिटाई कर दी। सियरा सांथा निवासी जगन्नाथ शुक्ला पुत्र स्वर्गीय भीम शुक्ला व नैनीडीहा निवासी हर्षित मौर्य पुत्र इंद्रभान मौर्या का आरोप है कि वे लोग नैनीडिहा में मिट्टी गिरवा रहे थे। रविवार की रात रात नौ बजे दोनों लोग जमीन पर बैठे थे। उसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर अजय यादव, दिनेश यादव, शिव कुमार यादव,मन्नू यादव, विरेंद्र यादव निवासी उपरोक्त अपने 5-6 अज्ञात साथियों के साथ पहुंच गए। आरोप है कि उक्त लोग जगन्नाथ को अपशब्द कहने लगे। विरोध करने पर उसे उक्त लोग लाठी डंडे से मारने- पीटने लगे और उसकी मोबाइल भी तोड़ दिए। आरोप है उसकी सोने का चेन भी तोड़ दिए। जब हर्षित मौर्या, अभिलाश आए तो उक्त उन्हें भी लाठी डंडे से मारने- पीटने लगे और जान माल की धमकी दिए। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि इस मामले में आरोपियों पर केस दर्ज किया गया। संवाद
लावारिश मिली बच्ची को परिजनों को सौंपा
संतकबीरनगर। धनघटा के लोहरैया चौकी के पास से एक बच्ची लावारिश हाल में सोमवार को मिली। एसओ संतोष मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में बच्ची अपना नाम पता नहीं बता पा रही थी। चौकी लोहरैया पर नियुक्त पुलिसकर्मियों के जरिये बच्ची को चौकी पर लाया गया । पुलिस के जरिये लावारिश बच्ची के संबंध में विभिन्न वाट्सएप्प ग्रुपों में फोटो को भेजकर व आने जाने वाले लोगों से काफी पूछताछ कर जानकारी का प्रयास किया गया । काफी खोजबीन करने के बाद धनघटा क्षेत्र के रहने वाले बच्ची के परिवार के बारे में पता चला। प्रभारी चौकी लोहरैया शैलेन्द्र कुमार ने पिता को बुलाकर बच्ची को सौंप दिया। संवाद