संतकबीरनगर जिले में महुली थाना क्षेत्र के छितही स्थित सज्जाद नगर चौराहे पर शुक्रवार की देर अज्ञात बाइक की टक्कर से अगया उर्फ सिदाही गांव निवासी दो साइकिल सवार मजदूर घायल हो गए थे, जिसमें इलाज के दौरान एक मजदूर की शनिवार की रात मौत हो गई।
मृतक के भाई की तहरीर पर महुली पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, दुर्घटना, लापरवाही की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महुली थाना क्षेत्र के अगया उर्फ सिदाही गांव निवासी अमरजीत निषाद पुत्र रिखई ने महुली थाने में दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार की देर शाम उसके बड़े भाई जग्गू (38) पुत्र रिखई निषाद गांव के ही रामकिशोर पुत्र घोस के साथ भगौतीपुर से मजदूरी कर घर लौट रहे थे।
इसे भी पढ़ें: तितौवा व त्रिपाठी मार्केट रेलवे क्राॅसिंग पर अंडरपास की मांग हुई तेज
वह छितही के सज्जादनगर चौराहे पर पहुंचे ही थे कि अज्ञात बाइक चालक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे जग्गू और रामकिशोर घायल हो गए। इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार की रात जग्गू की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि रामकिशोर का इलाज चल रहा है। जग्गू के भाई अमरजीत निषाद की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।