संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ककुआ राउत गांव के निकट सोमवार सुबह ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
हर्रैया थाना क्षेत्र के खेमराजपुर गांव के रहने वाले नासिर अली और कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रायपारा गांव के रहने वाले जैसराम सोमवार सुबह बाइक पर सवार होकर गढ़हा गौतम गांव में फर्नीचर का काम करने के लिए जा रहे थे। सुबह 9:15 बजे ककुआ राउत गांव के निकट पीछे से ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दिया। घटना में नासिर अली (38) और जैसराम (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कप्तानगंज ले गई। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। महराजगंज के चौकी प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।