संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के हाईवे नवीन सब्जी मंडी के पास मार्ग दुर्घटना में युवती की मौत के मामले में पुलिस ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि रंगीलाल निवासी ओडवारा थाना मुंडेरवा जनपद बस्ती ने तहरीर में बताया कि उनकी लड़की अनीषा अपने भाई शैलेष के साथ बाइक से गोरखनाथ मंदिर जा रही थी। दो जनवरी को नवीन सब्जी मंडी खलीलाबाद गेट के सामने हाईवे पर दोपहर करीब 12.50 बजे बस्ती की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। अनीषा गाड़ी से नीचे गिर गई और बस का पहिया उसके सिर पर चढ़ गया। मौके पर ही लड़की की मौत हो गई। कोतवाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्जकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संवाद
किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने की रिपोर्ट दर्ज
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को बस्ती जनपद का युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित ने शिकायती पत्र में बताया कि 23 जनवरी को शाम 3 बजे उनकी 17 वर्षीय बेटी को सोनू निवासी खीरीघाट थाना कोतवाली बस्ती बहला-फुसलाकर भगा ले गया। बेटी घर से जेवरात लगभग 80 हजार के जेवर व 82 हजार रुपये साथ लेकर चली गई है। काफी खोजबीन के बाद भी बेटी का कुछ पता नहीं चल सका। कोतवाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर पुलिस टीम को किशोरी की तलाश के लिए लगा दिया गया है। संवाद