दो बाइक टकराईं, युवक की मौत, एक घायल
घायल को परिजन उपचार के लिए ले गए बस्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
सांथा(संतकबीरनगर)। नंदौर - बांसी मार्ग पर झुडियां पुल के पास बृहस्पतिवार को दो बाइक आमने-सामने से टकरा गईं। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। घायल को लोग उपचार के लिए बस्ती ले गए। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज क्षेत्र के गुलहरिया गांव निवासी 22 वर्षीय शनि चौधरी बृहस्पतिवार को अपने रिश्तेदार ग्राम लालजोत थाना बखिरा के यहां बाइक से शादी में जा रहे थे। अभी वह झुंडिया पुल के पास पहुंचे ही थे, तभी बेलहर क्षेत्र के परसिया निवासी 35 वर्षीय दिनेश प्रताप सिंह की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार शनि चौधरी की मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दिनेश प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर एसओ अनिल दूबे मौके पर पहुंचे और दोनों को मेंहदावल सीएचसी ले गए। डॉक्टरों ने देखते ही शनि चौधरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दिनेश का प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन घायल को बस्ती ले गए। एसओ अनिल दूूबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।