- दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में एचआरपीजी कॉलेज गेट पर किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एबीवीपी ने पश्चिम बंगाल में हुए दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में मंगलवार को एचआरपीजी कॉलेज के गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला जलाया। साथ ही राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
एबीवीपी के प्रांत सहमंत्री माधवेंद्र तिवारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सीएम ममता बनर्जी लगातार जनविरोधी नीतियों को बढ़ावा दे रही हैं और भ्रष्टाचारियों व अपराधियों का संरक्षण कर रही हैं। पश्चिम बंगाल में तुष्टीकरण की नीति से आम जनमानस त्रस्त है। पश्चिम बंगाल में निरंतर महिलाओं के साथ अनाचार की घटनाएं सामने आ रही हैं। संदेश खाली में टीएमसी के लोग महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं और ममता बनर्जी तुष्टिकरण के नाम पर मौन साधकर बैठी हुई हैं। संदेशखाली में जिन पीड़िताओं के साथ ज्यादती हुई, उनमें से अधिकतर पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाएं हैं।
वहीं जिला संगठन मंत्री आलोक मिश्रा ने कहा कि संदेश खाली में महिलाओं के साथ ज्यादती का घटनाक्रम जब सामने आया तभी से विद्यार्थी परिषद न्याय की मांग को लेकर पूरे देश के शैक्षणिक संस्थानों में प्रदर्शन कर रहा है। छात्रा स्नेहा वर्मा ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद पश्चिम बंगाल की महिलाओं की सुरक्षा व सम्मानपूर्ण जीवन सरकार की प्राथमिकता में नहीं है। इस मौके पर प्रांत कार्यकारिणी सदस्य कृपाचार्य पांडेय, प्रांत एसएफएस सह संयोजक मारुतिनंदन पाठक, अम्बेश कृष्ण, रितेश श्रीवास्तव, नेहा अग्रहरी आदि मौजूद रहीं।