- अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की खबर
- संज्ञान में लेकर हुई सफाई, जलभराव से मिली लोगों को राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। नगर पालिका कार्यालय के बगल में नाला ओवरफ्लो होने के चलते पानी सड़क की पटरियों पर पसर गया था। जिससे दुकानदारों को परेशानी हो रही थी। रविवार की सुबह नगर पालिका कर्मियों ने नाले की सफाई की और जलभराव को खत्म किया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
शहर में नाले अक्सर ओवरफ्लो हो जा रहे हैं। जिसके कारण नालियों का गंदा पानी सड़क की पटरियां पर पसरा रहता है। शहर के नाले ओवरफ्लो, सड़क तक फैला पानी, राहगीर परेशान शीर्षक से अमर उजाला ने सात अप्रैल के अंक में प्रमुखता से उठाया था, जिसका संज्ञान लेकर नगर पालिका प्रशासन ने सुबह ही नाले की सफाई कराई। इस दौरान सफाई कर्मियों की टीम ने नाले को पूरी तरह से साफ कर दिरा, जिससे जलभराव की समस्या दूर हो गई है। सफाई व्यवस्था देख रहे पंकज कुमार ने बताया कि जाम नाले की साफ-सफाई कर दी गई है और वहां जमा पानी निकल गया है। इससे लोगों को राहत मिल गई है। इधर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष जगत जायसवाल ने कहा कि नालों की नियमित रूप से सफाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगाें को परेशानी न हो और शहर स्वच्छ रहे।