राज्य महिला आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ता संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक रविवार को जूनियर हाईस्कूल परिसर में जिलाध्यक्ष माया सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान समस्याओं पर चर्चा कर निस्तारण की मांग की गई। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं को निश्चित मानदेय का आश्वासन मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने दिया था, ऐसे में तत्काल मानदेय की घोषणा की जानी चाहिए।
जिला महामंत्री एवं खलीलाबाद ब्लॉक अध्यक्ष सरोज यादव संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि आशा आपसी मतभेद भुलाकर अपनी प्रमुख मांग मानदेय के लिए संघर्ष करने को तैयार रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार ने आश्वासन दिया है कि 120 दिन में मानदेय पर निर्णय ले लिया जाएगा, उम्मीद है कि तय समय के अंदर मानदेय की घोषणा सरकार कर देगी। उन्होंने कहा कि आशा वर्करों का जो भी बकाया पारिश्रमिक है, उसे तत्काल भुगतान कराने की व्यवस्था की जाए। अगर ऐसा नहीं होगा तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि सदस्यता अभियान अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों जोड़ा जाए और ब्लॉक और जिला की कार्यकारिणी अतिशीघ्र घोषित की जाए। बैठक में जिला संरक्षक बाल गोविंद सिंह, संजना मिश्रा, डॉक्टर कमला चौधरी, विंद्रावती, उर्मिला देवी, सुनीता, विमला देवी, गीता गुप्ता, स्नहेलता, श्यामलता, अर्चना, गायत्री भट्ट, अरविंद चौधरी, कमल जी, ऊषा शर्मा, सुभावती आदि उपस्थित रहीं।