आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली को बर्खास्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से बाईपास होते हुए आजाद चौक होकर बैंक चौराहा तक जुलूस निकाला। कार्यकर्ता क्रिकेट का कीचड़ साफ करो, जेटली को बर्खास्त करो का नारा लगा रहे थे।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पूर्वांचल कोषाध्यक्ष आफताब आलम खान एवं जिला संयोजक सौम्येंद्र प्रताप श्रीवास्तव के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए।
यहां से मेंहदावल बाईपास, आजाद चौक, गोलाबाजार होकर बैंक चौराहा तक जुलूस निकाला और केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली को बर्खास्त करने की मांग किया।
पूर्वांचल कोषाध्यक्ष आफताब आलम ने कहा कि अरुण जेटली के डीडीसीए का अध्यक्ष रहते 90 करोड़ का घोटाला हुआ। भाजपा के ही सांसद कीर्ति आजाद ने मामला उठाया, लेकिन अब केंद्र की सरकार जेटली के बचाव में उतर गई है। इससे स्पष्ट है कि केंद्र सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही हैं।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीलम यादव ने कहा कि डीडीसीए घोटाले में लैपटाप का किराया प्रतिदिन 17000 रुपये, प्रिंटर का किराया 3000 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से खर्च दिखाया गया, जो जनता की कमाई का पैसा है। अरुण जेटली को इसका हिसाब देना चाहिए।
प्रदर्शन में नूर मोहम्मद, अमरपाल पांडेय, शिवशंकर मिश्र, सूर्या त्रिपाठी, कमर अहमद, अजय कुमार दुबे, फखरूल इस्लाम, शाह आलम, शिव प्रकाश, नित्यानंद, खुर्शीद आदि शामिल रहे।